देहात कोतवाली क्षेत्र के बेसियाचैन गांव में शनिवार देर शाम बच्चों के विवाद को लेकर कुछ लोगों ने एक घर पर हमला कर दिया और मारपीट व पथराव किया, जिसमें नौ लोग घायल हो गए। पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हो सका। इस मामले में कोतवाली देहात में आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के बेेसियाचैन गांव की रहने वाली जैतूना पत्नी मोहर्रम ने बताया कि शनिवार की सुबह गांव के अली हुसैन की बेटी गुड़िया ने उसके घर की दीवार के पास गंदगी कर दी थी।
इसी बात को लेकर अली हुसैन के परिवार के लोगों के साथ ही गांव के प्रवेश से उसकी कहासुनी हो गई थी। जैतूना ने बताया कि देर शाम प्रवेश के पिता शिवपाल, हनीफ ने अपने सात साथियों के साथ लाठी-डंडा लेकर उसके घर पर हमला कर दिया और मारपीट करने लगे।
इसी बीच हमलावरों ने पथराव भी किया। जिसमें जैतूना, मुन्ना, चांदबाबू, सुबरातन, मुनव्वर अली, फूलबाबू, हइजूना, बब्लू, जाकरुननिशां घायल हो गईं। इस दौरान गांव के लोग दौड़े तो हमलावरों ने मड़हे को फूंक दिया और धमकी देकर भाग निकले।
इस मामले में जैतूना ने कोतवाली देहात में हनीफ, शिवपाल, अनिल, प्रवेश, जीवनलाल, भल्लर, मुबारक, जैसिंह के खिलाफ मारपीट, बलवा, पथराव व आगजनी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र पांडेय ने बताया कि हनीफ, अनिल व शिवपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है।