नवाबगंज नगर के संचरही मोहल्ले में बीमार बेटे को तंत्रमंत्र के सहारे झाड़फू ंक कर स्वस्थ करने के बहाने आए एक तांत्रिक बाबा ने एक परिवार के लोगों से 24 हजार रुपये व छह लाख के जेवर ठग लिए और उन्हें चकमा देकर भाग निकला। इस मामले में तांत्रिक बाबा के खिलाफ शुक्रवार को थाना नवाबगंज में तहरीर दी गई है।
नवाबगंज के संचरही मोहल्ला निवासी हसनैन ने बताया कि वह पिछले सात साल से गुजरात में रहकर अपना व्यवसाय करता है। हसनैन के मुताबिक उन्हें वहां झाड़फूंक करने वाला एक तांत्रिक बाबा मिला गया। तांत्रिक बाबा खुद को गाजियाबाद का रहने वाला बताता था।
हसनैन ने बताया कि उसका बेटा बीमार रहता था, इसलिए वह भी तांत्रिक बाबा से मिला और बेटे के लिए दुआ करने को कहा तो बाबा ने उसे बताया कि उसके घर एक कमरे में सोना गड़ा हुआ है, जिसकी रखवाली एक परी व एक जिन्न कर रहे हैं, इसीलिए उसके बेटे की तबियत खराब रहती है।
जब तक उस गड़े हुए सोने को निकाल कर परी और जिन्न को कब्जे में नहीं किया जाएगा, तब तक उसके बेटे की तबियत ठीक नहीं होगी। हसनैन ने बताया कि बाबा को साथ लेकर वह अपने घर आ गया। यहां बाबा ने उससे कहा कि घर के अंदर जितना भी सोना है, सब बाहर निकालो। इस पर उसने दो सौ ग्राम सोने के जेवर लाकर बाबा के सामने रख दिए।
हसनैन ने बताया कि बाबा ने रात में तंत्रमंत्र से घर के एक कमरे में सोना निकालने का नाटक किया। इसी बीच तांत्रिक बाबा ने उससे बताया कि उनकी तबियत खराब हो रही है। इसलिए वह दरगाह शरीफ जाकर दुआ करेंगे। यह कहकर तांत्रिक बाबा उससे 24 हजार रुपये व 6 लाख के जेवर लेकर चला गया।
हसनैन ने बताया कि तांत्रिक बाबा के जाने के बाद उसे ठगी का अहसास हुआ। हसनैन ने थाना नवाबगंज में तांत्रिक बाबा के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष नवाबगंज बृजेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।