चोरी की घटना में नामजद तहरीर देने के बाद लापता पीड़ित की हत्या कर दी गई। मृतक की पत्नी ने गांव के ही कुछ लोगों पर पति की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले में गहन छानबीन के बाद कार्रवाई किए जाने की बात कह रही है।
एसपी वीडी शुक्ल को शुक्रवार को दिए गए प्रार्थना पत्र में तुलसीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम धनधरा निवासिनी खैरुलनिशा ने कहा है कि उनके घर में गत 30 जून को कुछ चोर घुस गए थे। चोरों को खैरुलनिशा की बहू ने पहचान लिया था। एक जुलाई को खैरुलनिशा के पति हनीफ ने तुलसीपुर थाने में चोरी की नामजद तहरीर दी।
पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न होने पर हनीफ 6 जुलाई को घर से यह कहकर निकला कि तुलसीपुर थाने जा रहा है। तभी से हनीफ लापता हो गया। 8 जुलाई को हरैया थाने में एक अज्ञात शव मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे हनीफ के परिवारीजनों ने कपड़ा आदि देखकर शव हनीफ का होने की पुष्टि की। खैरुलनिशा का आरोप है कि पुष्टि होने के बाद भी तुलसीपुर थाने की पुलिस निष्क्रिय बनी रही। परिवारीजनों के सक्रिय होने पर पुलिस ने गुरुवार को मामले में खैरुलनिशा की तहरीर पर गांव के ही मोहम्मद रऊफ, जुवेद, धनीराम व चिनमुन के खिलाफ छेड़खानी, अपहरण तथा लूट का दर्ज कर लिया। खैरुलनिशा का आरोप है कि उसके पति की हत्या की गई है।
पुलिस मामले में लीपापोती करने का प्रयास कर रही है। खैरुलनिशा ने एसपी से आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इस संबंध में एसपी वीडी शुक्ल ने बताया कि मामले में चार के खिलाफ छेड़खानी, अपहरण व लूट का केस दर्ज किया गया है। खैरुलनिशा के आरोपों की गहन जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट की भी छानबीन की जा रही है। यदि आरोप सही पाए गए तो आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।