रविवार को करनैलगंज कोतवाली परिसर में एसपी ने नगर पालिका चुनाव में सभी अध्यक्ष एंव सदस्य पद के प्रत्याशियों की क्लास ली। चुनाव को खेल की तर्ज पर लड़ने की नसीहत देते हुए कहा कि यदि कोई भी फसाद करता है या कराता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
शनिवार को करनैलगंज तहसील में चौक घंटाघर पर जनसभा की परमीशन को लेकर दो प्रत्याशी व उनके समर्थक भिड़ गये थे। जिसमें पुलिस को लाठियां फटकारते हुए बल प्रयोग कर स्थित को काबू में करना पड़ा था।
रविवार को कोतवाली परिसर में सभी प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों की एक बैठक बुलाई गई जिसमें एसपी उमेश कुमार सिंह ने पूरे मामले की जानकारी लेते हुए सभी प्रत्याशियों को नसीहत का पाठ पढाते हुए कहा कि जिस तरह से सभी लोगों ने भाईचारा दिखाते हुए त्योहारों को निपटाया उसी तरह से चुनाव भी सम्पन्न करायें।
इसके बावजूद यदि कोई प्रत्याशी शहर में फसाद कराने या उन्माद फैलाने की कोशिश करेगा तो वह उनका व्यक्तिगत दुश्मन होगा, और वे उसी तरह से उससे निपटेंगे। उन्होंने दोनों प्रत्याशियों के पतियों निवर्तमान चेयरमैन शमीम अच्छन व पूर्व चेयरमैन रामजीलाल मोदनवाल के बीच जनसभा के समय का निर्धारण कराते हुुए आपस में गले मिलाया।
सभा की अध्यक्षता एसडीएम नन्हेंलाल यादव ने एवं संचालन कोतवाल अंगद राय ने किया तथा सीओ कृष्णचन्द्र सिंह, अकबाल रजा कुरैशी, कृष्ण गोपाल वैश्य, फहीम अहमद, यावर हुसैन मुन्ना, सलमान अंसारी, दिलदार हुसैन, शिवशरन मौर्या ने भी संबोधित किया। रफीउल्ला अंसारी, अरुण वैश्य, कन्हैया सोनी, हेतराम मौर्या एंव मोहित पाण्डेय आदि मौजूद रहे।