महराजगंज तराई के बौद्घ परिपथ पर सोमवार को बस की टक्कर लगने से बाइक सवार एक गल्ला व्यापारी की मौत हो गई तथा दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यापारी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद बस का चालक मौके से भाग निकला। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जिला चिकित्सालय में भर्ती सोहरतगढ़ जनपद सिद्घार्थनगर निवासी गल्ला व्यापारी सुनील (25) ने बताया कि सोमवार को वह चिल्हिया सिद्घार्थनगर निवासी व्यापारी मित्र दुर्गा प्रसाद (24) के साथ गोंडा जा रहा था।
इसी दौरान रास्ते में नेशनल हाईवे बौद्घ परिपथ पर शिवानगर छोटका चैपुरवा गांव के निकट उनकी बाइक में सामने से आ रही प्राइवेट बस ने टक्कर मार दी। हादसे में दुर्गा प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थानाध्यक्ष महराजगंज तराई संजय कुमार ने बताया कि दुर्घटना के बाद बस का चालक मौके से भाग निकला। बस को कब्जे में ले लिया गया है। मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।