जमीन विवाद में फायरिंग, दो घायल
गोंडा। शिवदयालपुर गांव में जमीन को लेकर मंगलवार को दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इसी एक पक्ष ने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें दो लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामले में कोतवाली देहात में चार लोगों के खिलाफ बलबा, जानलेवा हमले समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कोतवाली देहात क्षेत्र के शिवदयालपुर गांव के रहने वाले गुड्डू तिवारी ने कोतवाली देहात में मंगलवार को दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसका इसी गांव के रहने वाले गंगाराम से जमीन का विवाद चल रहा था।
गुड्डू के मुताबिक इसी को लेकर सोमवार की सुबह गंगाराम और उनके परिवार के लोगों से कहासुनी हो गई। इसी बीच सभी लाठी-डंडा निकाल लिया और हमला कर दिया। मारपीट के दौरान फायरिंग भी हुई।
जिसमें गुड्डू तिवारी का बेटा हरिशंकर (35) व गंगाराम का बेटा कैलाश (34) गोली लगने से घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया है। गुड्डू तिवारी ने गंगाराम समेत चार लोगों के खिलाफ कोतवाली देहात में बलबा व जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।