ससुर ने बेटों संग मिल बड़ी बहू को मार डाला
गोंडा। चार बीघा जमीन को लेकर ससुर ने बेटों संग मिल खेत में अपनी बड़ी बहू की ईंट से सिर कूंच कर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद महिला के शव को खेत में ही मटर के पुआल से ढंक दिया।
घटना की सूचना पाकर एसपी आरपी सिंह ने रविवार को घटना स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। पुलिस ने महिला के ससुर व दो देवरों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र के ग्राम निवासी राम तेज वर्मा सऊदी अरब में हैं। घर पर उसकी पत्नी गीता देवी अपने ससुराली परिवार से अपने बच्चों के साथ अलग रहती थी।
इटियाथोक पुलिस के मुताबिक राम तेज के मामा शोभा राम के कोई औलाद न होने से उसका सात बीघा जमीन ले लिया था जिसमें उसने भाईयों को हिस्सा नहीं दिया था।
जबकि उसके पिता हीरा लाल ने दो बीघा जमीन अपने पास रखकर शेष 12 बीघा जमीन अपने दो अन्य पुत्रों नान बाबू उर्फ जेल बाबू व जैशराज को दे दी थी।
जबकि राम तेज की पत्नी गीता देवी अपने हिस्से की चार बीघा जमीन की मांग को लेकर नानबाबू समेत अपने ससुराली जनों पर दबाव बना रही थी।
लेकिन उसके ससुर व देवर उसे उक्त जमीन में हिस्सा देने को तैयार नही थे। इसी बात को लेकर कलह चल रही थी। शनिवार को नान बाबू ने गीता देवी को खेत में बुलाया।
वहां पहले से मौजूद ससुर हीरालाल, देवर जैशराज और उनके साथी देवानंद ने उसकी गला दबाने के साथ ईंट से कूंच कर हत्या कर दी।
घटना का जल्द पता न चले इस लिए लाश को खेत में ही मटर के पुआल से ढंक दिया। कोई उन लोगों पर शक न करें इसके लिए इटियाथोक थाने की पुलिस व 100 डायल पुलिस को फोन पर गीता देवी के गायब हो जाने की सूचना दी।
वहीं इस मामले में गीता के पिता सियाराम ने नान बाबू उर्फ जेल बाबू, जैशराज, ससुर हीरालाल और देवानन्द के खिलाफ गीता देवी की जमीन विवाद में हत्या करने का आरोप लगाया है।
घटना की जानकारी पाकर रविवार को एसपी आरपी सिंह ने गांव में पहुंचकर घटना की जानकारी ली। इसके बाद उनके निर्देशन में जब इस मामले में पुलिस ने परिवार के लोगों को उठाकर कड़ाई से पूछताछ की तो मामले का खुलासा हो गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ में नानबाबू ने बताया की जमीन की लालच में उसने अपनी भाभी गीता देवी की हत्या की है। थानाध्यक्ष विद्या सागर ने बताया कि महिला का पोस्टमार्टम कराया गया है। नानबाबू समेत चार लोगों के खिलाफ थाने में हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
-चार बीघा जमीन की लालच में महिला की उसके देवर व ससुर ने मिलकर हत्या की है। आरोपियों को पकड़ लिया गया है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना कराई जा रही है।
- आरपी सिंह,एसपी गोंडा