लेखपाल ने व्हाट्सएप पर पोस्ट की मुख्यमंत्री की आपत्तिजनक फोटो
गोंडा। करनैलगंज तहसील के विकेरवा गांव में तैनात एक लेखपाल को सोशल साइट व्हाट्सएप पर सीएम योगी आदित्यनाथ की आपत्तिजनक फोटो पोस्ट करना महंगा पड़ गया है। डीएम के आदेश पर करनैलगंज के एसडीएम ने आरोपी लेखपाल को निलंबित कर दिया है।
करनैलगंज तहसील के लेखपालों ने विभागीय सूचनाओं के आदान प्रदान के लिए एक व्हाट़्सएप ग्रुप बना रखा है। इस ग्रुप पर राजस्वकर्मियों के अलावा एसडीएम व जिलाधिकारी को भी शामिल किया गया है।
हलधरमऊ ब्लॉक के विकेरवा गांव में तैनात लेखपाल फैयाज ने इस ग्रुप पर शनिवार को सीएम योगी आदित्यनाथ की धर्म विशेष की पोशाक पहने एक तस्वीर पोस्ट करते हुए धार्मिक टिप्पणी लिख दी।
वायरल होने के बाद रविवार को यह पोस्ट जिलाधिकारी जेबी सिंह ने भी देखी। इस पर उन्होंने करनैलगंज के एसडीएम से फैयाज के बारे में जानकारी मांगी। एसडीएम ने फैयाज के लेखपाल होने की पुष्टि की तो डीएम ने उसके खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए।
एसडीएम नन्हेलाल यादव ने बताया कि लेखपाल फैयाज को निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में लेखपाल फैयाज का कहना है कि व्हाट्सएप ग्रुप पर यह पोस्ट उसके बेटे की गलती से चली गई थी। इस संबंध में उसने माफी भी मांगी है।