ताला तोड़ आठ लाख का सामान ले उड़े चोर
डिपार्टमेंटल स्टोर को बनाया निशाना
अमर उजाला ब्यूरो
गोंडा। कोतवाली नगर क्षेत्र के अंबेडकर चौराहे पर स्थित एक डिपार्टमेंटल स्टोर का ताला शुक्रवार रात चोरो ने तोड़ दिया और 55 हजार रुपये की नकदी समेत करीब 7.50 लाख रुपये का सामान उठा ले गए। पीड़ित दुकानदार ने इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के पोर्टरगंज पथवलिया के रहने वाले बनवारीलाल मिश्रा अंबेडकर चौराहे के समीप लखनऊ रोड पर डिपार्टमेंटल स्टोर चलाते हैं। बनवारीलाल के मुताबिक शुक्रवार को करीब 9 बजे अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। शनिवार की सुबह जब वह अपनी दुकान प पहुंचे तो देखा कि दुकान में लगे शटर के तीनो ताले टूटे हुए हैं। टूटे तालों को देखकर उनका माथा ठनका तो उन्होने अपने पड़ोसी दुकानदारों को भी मौके पर बुला लिया। तीनो लोग जब दुकान के भीतर पहुंचे तो दुकान में रखा सारा सामान गायब मिला। इसके अलावा दुकान में रखी गई 55 हजार रुपये की नकदी भी गायब मिली। बनवारी लाल के मुताबिक चोर करीब 7.50 लाख रुपये का सामान उठा ले गए। बनवारीलाल ने इा घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली नगर में तहरीर दी है। कोतवाल सुनील कुमार राय ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।