करनैलगंज नगर में एक सराफा व्यापारी से उचक्के करीब पांच लाख रुपये के जेवर ठगकर फरार हो गए। ठगी करने वाले गिरोह की फुटेज दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ठगों की तलाश में जुट गई है।
करनैलगंज नगर के मोहल्ला गाड़ी बाजार निवासी मोहम्मद सलीम सिद्दीकी ने कोतवाली में तहरीर दी है। जिसमें कहा गया है कि मोहल्ला गाड़ी बाजार में उनकी सराफा की दुकान है। मंगलवार को करीब तीन बजे दुकान पर वह अपने वृद्ध पिता हाफिज मोहम्मद सईद व दुकान पर काम करने वाले लड़के नान बाबू को बैठाकर अपने घर भोजन करने चले गये थे। इसी बीच दुकान पर दो युवक आये और सोने की बाली खरीदने के लिये तीन हजार रुपये दिये।
उनके वृद्ध पिता ने डिब्बा उठाकर बाली निकाली तो एक युवक ने उन्हें तो दूसरे ने काम करने वाले लड़के को बाली दिखाने में उलझा दिया और इसी बीच युवक लगभग डेढ़ सौ ग्राम सोने की अंगूठी की पोटली डिब्बे से निकाल कर जेब में रखकर अपनी बहन को बुलाने के बहाने दुकान से बाहर आ गए, जहां उनका तीसरा साथी बाइक लिये खड़ा था। उसी पर बैठकर तीनों फरार हो गये।
भोजन करके वापस आने के बाद अंगूठी का पैकेट न देख मोहम्मद सलीम ने सीसीटीवी कैमरा खंगाला, तब घटना की जानकारी हुई। घंटों बाइक से उन्हें पूरे नगर में ढूंढा गया, मगर युवक कहीं नजर नहीं आए। अगले दिन शाम पीड़ित ने कोतवाली में घटना के संबंध में तहरीर दी।
नगर के उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अशोक सिंघानिया, व्यापार मंडल के अध्यक्ष राहुल सिंह तथा सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से कहा कि इस घटना की पुलिस ने शीघ्र खुलासा नहीं किया तो व्यापारी आंदोलन करेंगे।
पीड़ित की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे तथा अन्य व्यापारियों की दुकान पर लगे कैमरे में चोरों को साफ-साफ बाइक से भागते हुए देखा जा सकता है। सब में उनकी तस्वीरें साफ नजर आ रही हैं। नगर चौकी प्रभारी केके सिंह ने बताया कि उचक्कों की खोजबीन की जा रही है। जल्द ही वह कानून के शिकंजे में होंगे।