ट्रैक्टर की टक्कर से बालिका की मौत
गोंडा। मनकापुर-बभनान मार्ग पर गड़रही आजाद नगर चौराहे के पास शनिवार दोपहर गन्ना लदे ट्रैक्टर ट्राले ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे आठ वर्षीया बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में दो लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी ले जाया गया। जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कोतवाली मनकापुर क्षेत्र के समरुपुर गांव के रहने वाले आशिक अली ने बताया कि शनिवार दोपहर बलरामपुर जनपद के सादुल्ला नगर क्षेत्र के खरहना गांव की रहने वाली अपनी बुआ जुगना दो बेटियों आठ वर्षीया अंजुम व एक साल की छोटी बेटी को लेकर बाइक से छपिया क्षेत्र के बैदौली गांव में एक रिश्तेदार के यहां शादी में जा रहा था।
वह मनकापुर-मसकनवा मार्ग पर आजाद नगर चौराहे के पास पहुंचा था तभी गन्ना लदे टैक्टर ट्राले ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे अंजुम बाइक से गिरकर ट्राले के पहिए के नीचे आ गई।
उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में आशिक अली व छोटी बेटी घायल हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी मसकनवा जितेंद्र यादव, एसआई सुनील गौड़ ने गंभीर रुप से घायल आशिक अली सीएचसी मसकनवा पहुंचाया।
जहां से उसे गंभी हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चौकी प्रभारी ने बताया कि टैक्टर ट्राले को थाने ले आया गया है। मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।