चुनावी रंजिश में तीन युवकों पर हमला, फायरिंग
गोंडा। चुुनावी रंजिश को लेकर गुरुवार देर शाम बाइक से घर जा रहे तीन युवकों पर रघुनाथपुर गांव के पास जीप सवार लोगों ने हमला बोल दिया। हमलावरों ने एक युवक को लोहे की रॉड से मारकर मरणासन्न कर दिया।
साथ ही उसके दो साथियों को मारपीटकर जख्मी कर दिया। राहगीर व गांव के लोग दौड़े तो हमलावरों ने फायरिंग की और हथगोले फेंके। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मामले में पांच लोगों के खिलाफ थाना नवाबगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थाना नवाबगंज क्षेत्र के चौखड़िया गांव के रहने वाले मानवेन्द्र सिंह उर्फ मान सिंह पुत्र देव नरायन सिंह ने बताया कि उसकी गांव के ही रहने वाले मैन बहादुर पाठक से ग्राम प्रधान चुनाव को लेकर रंजिश चल रही है।
मान सिंह के मुताबिक शुक्रवार को वह अपने साथी लवकुश पांडेय व अमित पांडेय के साथ बाइक से मुख्यालय आया था। यहां से सभी देर शाम घर लौट रहे थे। कहा कि वह सभी रघुनाथपुर गांव के पास पहुंचे थे तभी जीप से मैन बहादुर पाठक अपने भाई अरविंद पाठक, मनीष पाठक, अमित पाठक व लवकुश पाठक के साथ ओवरटेक करके उन्हें रोक लिया और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
लवकुश पांडेय को लोहे की रॉड से मारकर मरणासन्न कर दिया। मान सिंह के मुताबिक हमलावरों ने उसे और उसके साथी अमित को पीटा। शोर मचाने पर राहगीर व गांव के लोग दौड़े तो हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की और हथगोले फेंके और असलहा लहराते हुए भाग निकले।
लवकुश पांडेय को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मामले में मान सिंह ने थाना नवाबगंज में मैन बहादुर पाठक, अरविंद पाठक, मनीष पाठक, अमित पाठक व लवकुश पाठक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना नवाबगंज के प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।