पूर्व विधायक के घर दबिश के दौरान पुलिस कर्मियों की ओर से की गई तोड़फोड़ के विरोध में दूसरे दिन भी बगिया गांव बाजार बंद रही। पूर्व विधायक के समर्थन में प्रधान संघ के साथ ही भारतीय किसान यूनियन सामने आए हैं। मंगलवार को प्रधान संघ के साथ ही भाकियू नेताओं ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन देकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के बगिया गांव निवासी पूर्व विधायक व समाज कल्याण निर्माण निगम के अध्यक्ष रह चुके बसपा नेता रामरतन यादव के घर पिछले रविवार की देर रात दरोगा व सिपाहियों की पिटाई के मामले में दबिश देने गई पुलिस की ओर से की गई तोड़फोड़ व महिलाओं की पिटाई के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में दूसरे दिन भी बगिया गांव बाजार पूरी तरह बंद रही।
वहीं, पूर्व विधायक के समर्थन में प्रधान संघ के साथ ही भारतीय किसान यूनियन सामने आए हैं। मंगलवार को प्रधान संघ के सत्य प्रकाश के नेतृत्व में अंजू ओझा, करुणा शंकर दूबे, ओमप्रकाश, बलराम यादव, नंदलाल, संजय के साथ ही कई प्रधान एकजुट होकर पूर्व विधायक के घर पहुंच गए। भारतीय किसान यूनियन के संदीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में भाकियू नेता संतोष, पंकज, रामदीन, दयाराम भी पूर्व विधायक के घर पहुंचे। प्रधान संघ और भाकियू नेताओं ने पूर्व विधायक के घर की गई तोड़फोड़ व मारपीट पर रोष जताते हुए उपजिलाधिकारी जयसिंहपुर को ज्ञापन दिया।