17 ओवरलोड ट्रक सीज, 8 का चालान
गोंडा। ओवलोडिंग को लेकर ट्रक मालिकों व चालकों के प्रदर्शन के बाद झमाझम बारिश के दौरान सोमवार की पूरी रात संभागीय परिवहन विभाग ने ओवरलोडिंग ट्रकों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की है।
एआरटीओ की टीम ने ओवरलोडिंग करते 25 ट्रकों को पकड़ा है। जिसमें से 17 ट्रकों को सीज कर दिया गया, जबकि 8 ट्रकों का चालान किया गया है।
झमाझमा बारिश के बीच सोमवार की पूरी रात एआरटीओ प्रशासन और प्रवर्तन डा. सर्वेश गौतम के नेतृत्व में ओवरलोडिंग रोकने के लिए पीटीओ मथुरा प्रसाद व सुरक्षाकर्मियों के साथ अभियान चलाया गया।
शहर के बहराइच रोड व फैजबाद रोड से कई ट्रकों को ओवरलोडिंग में 23 ट्रकों को पकड़ा गया। सभी ट्रकों पर मौरंग व गिट्टी लदी मिली। सभी ट्रकों पर 30 से 40 टन ओवरलोड पाया गया।
इनमें से 15 ट्रकों को सीज कर दिया गया। इसके बाद टीम मनकापुर पहुंची। यहां मौरंग व गिट्टी लदी दो ट्रकों पर 40 टन ओवरलोड पाया गया। जिन्हें कोतवाली मनकापुर लाकर सीज कर दिया गया है।
एआटीओ डा. सर्वेश गौतम ने बताया कि 8 ट्रकों का चालान किया गया है। उन्होंने बताया कि ट्रक चालकों से सात लाख का जुर्माना वसूला गया है।