फांसी लगाकर महिला ने दी जान
गोंडा। तेजपुर ग्राम पंचायत के मजरे कठौवा में रविवार रात एक विवाहिता ने अपने घर के एक कमरे में छत के हुक से फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
छपिया थाना क्षेत्र के तेजपुर गांव के मजरे कठौवा के रहने वाले सुरेश कुमार की 30 वर्षीया पत्नी हृदयावती ने रविवार देर रात अपने घर के एक कमरे में छत के हुक से फंदे से लटककर जा दे दी।
सुरेश कुमार ने बताया कि रविवार की रात वह अपने घर के बरामदे के बगल वाले कमरे में तथा उसके माता पिता बरामदे में सो रहे थे। पत्नी हृदयावती पांच साल के बेटे अभिनव व दो वर्षीया बेटी दीपिका के साथ घर के अंदर सो रही थी।
सुरेश के मुताबिक सोमवार सुबह जब घर के मेनगेट का दरवाजा नहीं खुला तो बरामदे के बगल वाले कमरे से आंगन में पहुंचा।
वहां पत्नी का शव छत के हुक से साड़ी के सहारे लटकता मिला। थानाध्यक्ष छपिया विजेंद्र पटेल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।