शादी का झांसा देकर युवती से बलात्कार
गोंडा। रामपुर दुबावल गांव के रहने वाले एक युवक ने बलरामपुर के एक गांव की रहने वाली रिश्तेदार की बेटी को प्यार के जाल में फंसा लिया। युवक युवती को बहलाकर अपने घर ले आया और शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार बलात्कार किया।
युवती ने शादी के लिए युवक पर दबाव बनाया तो युवक ने अपने भाई के संग मिलकर उससे अश्लील हरकत की और घर से निकाल दिया। युवती रिपोर्ट दर्ज कराने थाना धानेपुर गई तो पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
युवती ने डीआईजी से मिलकर रिपोर्ट दर्ज कराने की फरियाद की। डीआईजी के आदेश पर शुक्रवार को थाना धानेपुर में आरोपी युवक व उसके भाई के खिलाफ बलात्कार व धमकी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बलरामपुर जनपद के एक गांव की रहने वाली एक युवती ने डीआईजी के आदेश पर धानेपुर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाते हुए कहा कि थाना धानेपुर क्षेत्र के रामपुर दुबावल गांव का रहने वाला चंद्रप्रकाश सोनी उसका रिश्तेदार है।
युवती के मुताबिक वह उसके घर आता-जाता था। इसी बीच चंद्रप्रकाश ने उसे मोहब्बत के सब्जबाग दिखाकर फंसा लिया। युवती उससे प्यार करने लगी तो मार्च 2017 में चंद्रप्रकाश उसे बहलाकर अपने घर ले आया और शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार बलात्कार किया।
युवती ने चंद्र प्रकाश पर शादी का दबाव बनाया तो वह टालमटोल करता रहा और उसके गहने भी रख लिए। युवती का आरोप है कि 27 अक्तूबर 2017 को चंद्रप्रकाश व उसके भाई रवि प्रकाश ने उसके साथ अश्लील हरकत की और मारपीटकर घर से निकाल दिया। युवती रिपोर्ट दर्ज कराने थाना धानेपुर पहुंची तो पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
युवती ने डीआईजी से मिलकर रिपोर्ट दर्ज कराने की फरियाद की। डीआईजी के आदेश पर चंद्रप्रकाश सोनी व उसके भाई रवि प्रकाश सोनी के खिलाफ मारपीट, धमकी व बलात्कार की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। थानाध्यक्ष धानेपुर मनीष पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।