विवाहिता की हत्या कर शव फंदे से लटकाया
खरगूपुर । थाना क्षेत्र के पचरुखी मनोहरजोत के मजरे भयापुरवा में सोमवार को एक विवाहिता का शव उसके कमरे में फंदे से लटकता पाया गया। विवाहिता की मां ने ससुरालीजनों पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
खरगूपुर थाना क्षेत्र के अनंतपुर गांव की रहने वाली मंगला देवी के मुताबिक मंगला के मुताबिक उसके बेटा नही है सिर्फ दो बेटियां हैं। उसने अपनी बड़ी बेटी राजकुमारी 28 का विवाह दस वर्ष पहले पचरुखी मनोहर के मजरा भयापुरवा के रहने वाले बाबूलाल पुत्र रामसहाय यादव के साथ किया था।
मंगला ने बताया कि विवाह के बाद से उसके सुसराल वाले उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। साथ ही मंगला के हिस्से की आधी जायदाद राजकुमारी के नाम से बैनामा करने का दबाव बना रहे थे। मंगला ने बताया कि रविवार को बाबूलाल राजकुमारी का जेवर लेने के लिए उसे लेकर अनंतपुर आया था और जेवर के साथ राजकुमारी को भी लेकर वापस चला गया था।
रात में बाबूलाल व उसके घर वालों ने राजकुमारी की हत्या कर दी और उसका शव कमरे में लगे हुक में रस्सी के फंदे से लटका दिया। सोमवार को उसे बेटी की मौत की सूचना दी गई। मंगला का आरोप है कि दहेज व जायदाद की माग पूरी न होने पर बाबूलाल व उसके परिवार वालो ने राजकुमारी की हत्या की है।
मंगला की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस मामले में मंगला ने बाबूलाल व उसके परिवार वालों पर बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक अशोक सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। शव को पी एम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद रिपोर्ट दर्ज कराई जायेगी।
पांच बीघा जमीन पर थी नजर
अनंतपुर गांव की रहने वाली मंगला देवी के मुताबिक उसकी दो बेटियां थी। बेटा न होने के कारण उसकी पांच बीघा जमीन दोनो बेटियों को मिलनी थी। मंगला ने बताया कि अपने जीवित रहने तक वह अपने जीवन यापन के लिए जमीन अपने पास रखना चाहती थी लेकिन उसका बड़ा दामाद बाबूलाल जमीन के आधे हिस्से को राजकुमारी के नाम से बैनामा करने का दबाव बना रहा था।
घर में बंटवारा होने का बहाना बनाकर रविवार को वह राजकुमारी के साथा उसके घर आया और उसका चार थान जेवर भी उठा ले गया। जेवर मिलने के बाद रविवार को ही राजकुमारी की हत्या कर दी गई।