सीमेंट व्यवसायी से मांगी 10 लाख की रंगदारी
भाई ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
करनैलगंज (गोंडा)। सीमेंट व्यापारी से दस लाख की रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश में आया है। रंगदारी मांगने वाले ने सीमेंट व्यवसायी को भेजे गए पत्र में रकम न मिलने पर व्यवसायी और उसके बेटे का सिर कलम करने की धमकी दी है। इस मामले में सीमेंट व्यवसायी के भाई ने शनिवार को कोतवाली करनैलगंज में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
करनैलगंज नगर के रहने वाले सीमेंट के थोक व्यवसायी अमित सिंघानिया ने बताया कि 24 अगस्त को डाक से उन्हें एक पत्र मिला, जिसमें उनसे 10 लाख रंगदारी की मांग की गई है। पत्र भेजने वाले ने रंगदारी की रकम न देने पर उन्हें व उनके बेटे का सिर कलम कर देने की धमकी दी है। अमित सिंघानिया के मुताबिक पत्र भेजने वाले ने अपना नाम दिनेश कुमार निवासी ग्राम परसागोंडरी लिखा है। इस मामले में व्यापारी के भाई अंकुर सिंहानियंा ने कोतवाली में पत्र में दिए गए नाम के व्यक्ति के खिलाफ रंगदारी मांगने एवं धमकी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल करनैलगंज अंगद राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि पत्र में जो नाम पता दिया गया है, उस नाम के व्यक्ति की तलाश की जा रही है।