आरोपी महिला को दबोचने पहुंची दिल्ली पुलिस
गोंडा। दिल्ली पुलिस ने तरबगंज पुलिस के साथ बुधवार को धौरहरा गांव के मजरे झामपुरवा में छापा मारकर चोरी की आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी महिला को अदालत के समक्ष पेश किया। जहां से ट्रांजिट रिमांड के बाद उसे लेकर दिल्ली के लिए रवाना हो गई है।
दिल्ली के रोहिणी थाने के एएसआई केशाराम ने बताया कि दिल्ली के रोहिणी इलाके के 2/31 सेक्टर 17 की रहने वाली रामरती उर्फ प्रीती पत्नी स्वर्गीय मोहनलाल के घर से 05 मई को एक महिला ने सोने के तीन कड़े, चार अंगूठी, दो मोबाइल फोन व घड़ी पार कर दिया था।
इस मामले में रामरती उर्फ प्रीती ने थाना रोहिणी में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एएसआई केशाराम के मुताबिक चोरी हुए मोबाइल फोन को जब सर्विलांस पर लिया गया तो गोंडा के थाना तरबगंज इलाके का लोकेशन मिला।
इसी सूचना पर बुधवार को तरबगंज थानाध्यक्ष संजय दूबे की टीम के साथ धौरहरा गांव के मजरे झामपुरवा में छापा मारकर आरोपी महिला किरन उर्फ शोफिया पत्नी देवीदीन उर्फ देवा को गिरफ्तार कर लिया गया।
उसके पास से चोरी गया सोने का तीन कड़ा, चार अंगूठी, दो मोबाइल फोन व घड़ी बरामद हुई है। एएसआई केशाराम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी महिला किरन उर्फ शोफिया को अदालत के समक्ष पेश किया गया।
जहां से टांजिट रिमांड मिलने के बाद उसे साथ लेकर दिल्ली के लिए रवाना हो गए। पुलिस टीम में दिल्ली पुलिस के हेड कान्सटेबल जयदीप, महिला कान्सटेबल मुकेश व थाना तरबगंज के एसआई राजेश कुमार पाल, महिला कान्सटेबल प्रेमलता शामिल रहीं।