बालपुर। माधवपुर राय गांव के एक युवक की सोमवार शाम रंजिश में कुछ लोगों ने गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को बगीचे में सागौन के पेड़ से लटका दिया।
युवक सोमवार शाम पशुओं के लिए चारा लाने घर से निकला था। पर वह देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा। परिवार वालों ने उसकी तलाश की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका।
मंगलवार सुबह उसका शव घर से 300 मीटर की दूरी पर एक बगीचे में सागौन के पेड़ से रस्सी के सहारे लटकता मिला। युवक के पिता ने कोतवाली देहात में अज्ञात के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। कोतवाली देहात क्षेत्र के माधवपुर राय गांव के उमानंद पाल ने बताया कि उनकी इसी गांव के रहने वाले एक व्यक्ति से जमीन की रंजिश चल रही थी।
उमानंद के मुताबिक उनका बेटा अरुण पाल (16) सोमवार शाम पशुओं के लिए चारा लाने घर से निकला था। वह देर शाम तक वापस नहीं लौटा। उसकी काफी तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चला।
मंगलवार सुबह उसका शव घर से तीन सौ मीटर दूरी पर स्थित एक बगीचे में सागौन के पेड़ से रस्सी के सहारे लटकता मिला।
उधर से गुजर रहे गांव के एक व्यक्ति ने पेड़ पर अरुण का शव लटकता देखा तो परिवार के लोगों को सूचना दी। थोड़ी ही देर में वहां लोगों की भीड़ लग गई। उनानंद ने बताया कि रंजिश में उसके बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी गई।
इसके बाद हत्यारों ने हत्या को आत्म हत्या में बदलने के लिए शव को फंदे से लटका दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उमानंद ने कोतवाली देहात में अज्ञात के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। कोतवाल सदानन्द सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।