धानेपुर थाने की पुलिस ने बुधवार भोर में भैंसहवा घाट के निकट भरत गंज चौराहे से तस्करी के लिए पिकप से ले जा रहे 16 गोवंश को बरामद कर लिया है। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मौके से तीन लोग भाग निकले। पकड़े लोगों ने पूछताछ में मवेशियों को बंगाल भेजने का खुलासा किया है।
थानाध्यक्ष धानेपुर देवेंद्र के मुताबिक बुधवार की भोर मे वे बाबागंज बाजार के भैंसहवा घाट की तरफ गश्त पर थे। भरतगंज चौराहे के पास बलरामपुर की तरफ से आ रहे दो पिकप वाहनों को जब उन्होंने रोका तो उसमें बैठे लोग वाहन छोड़कर भागने लगे।
इस पर उन्होंने टीम के साथ मिलकर दो लोगों को दबोच लिया, जबकि दोनों वाहनों के चालक भाग निकले। पकडे़ गये दोनों वाहनों में 16 गोंवश मिले। इसमें दो की वाहन में दबकर मौत हो गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि पकडे़ गए लोगों में एक ने अपना नाम अब्दुल नफीस निवासी बंजारी बाग उतरौला जनपद बलरामपुर व निब्बर बंजारा निवासी नहर बालागंज बलरामपुर बताया।
पकड़े गए लोगों ने पुलिस की पूछताछ में पशुओं की तस्करी किये जाने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक दोनों तस्करों ने बताया कि इन गोवंशो को बलरामपुर के कोतवाली देहात क्षेत्र से लादकर सादुल्लानगर तक ले जाना था। वहां से इन्हें प्रदेश के बाहर अन्य प्रांतों में भेजा जाता है।
दोनों ने इन गोवंशों को बिहार व पश्चिम बंगाल तक भेजने वाले रैकेट का खुलासा किया है। पकडे़ गए दोनों तस्करों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता अधिनियम समेत अन्य कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष देवेंद्र पांडेय के मुताबिक पुलिस पूछताछ में तीन अन्य लोगों के नाम भी प्रकाश में आये हैं, जिनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।