दरवेश हत्याकांड के विरोध में न्यायिक कार्य से विरत रहे अधिवक्ता
गोंडा। यूपी बार काउंसिल की अध्यक्ष की बुधवार को गोली मारकर हत्या से बार एसोसिएशन व सिविल बार एसोसिएशन ने गुरुवार को आपातकालीन बैठक बुलाई। इसमें हुए निर्णय के बाद अधिवक्ता गुरुवार को न्यायिक कार्य से विरत रहे।
बार एसोसिएशन व सिविल बार एसोसिएशन के बैनर तले गुरुवार को आयोजित शोकसभा में अधिवक्ताओं ने दो मिनट मौन रखकर दरवेश सिंह यादव की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
बैठक की अध्यक्षता बार एसोसिएशन अध्यक्ष रविचंद्र त्रिपाठी व सिविल बार एसोसिएशन अध्यक्ष विवेक मणि श्रीवास्तव ने की। संचालन महामंत्री महेश सिंह ने किया।
बैठक में चर्चा की गई कि कचहरी में किस तरह से अराजक तत्वों का हस्तक्षेप बढ़ रहा है। कैसे मनबढ़ लोगों ने स्वागत समारोह में गोली मारने की हिम्मत कर डाली। अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहते हुए पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है।