गोंडा। अलग-अलग सड़क हादसों में एक चौकीदार समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली मनकापुर क्षेत्र के उपाध्यायपुर पुकन्नी गांव के रहने वाले सोनू (25) पुत्र रामदास अपने साथी इसी गांव के रहने वाले सुरेंद्र कुमार (27) पुत्र ननकन के साथ बुधवार की रात एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाइक से खोड़ारे गए थे। वहां से देर रात दोनों घर वापस लौट रहे थे। रास्ते में बभनान-मसकनवां मार्ग पर सामने से आ रहे बेकाबू ट्रक ने टक्कर मार दिया। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान गुरुवार की सुबह सोनू की मौत हो गई। जबकि सुरेंद्र का इलाज चल रहा है।
दूसरी घटना में कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के झलियनपुरवा के रहने वाले बकरीदी ने बताया कि उसका भाई आशिक अली (58) तालेपुरवा गांव में एक व्यक्ति के यहां चौकीदारी करता था। वह बुधवार को चौकीदारी करने तालेपुरवा गया था। वहां से गुरुवार की सुबह साइकिल से अपने घर लौट रहा था। वह भंभुवा के समीप पहुंचा था तभी ट्रक ने रौंद डाला। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।