गोंडा। अधिकारों में कटौती के विरोध में ग्राम प्रधान लामबंद हो गए हैं। जिला पंचायत कार्यालय के सामने टिन शेड में अखिल भारतीय प्रधान संगठन के बैनर तले ग्राम प्रधानों ने धरना दिया। प्रधानों ने चेतावनी दी कि यदि इसी तरह उनका उत्पीड़न जारी रहा तो ग्राम प्रधान आरपार की लड़ाई लड़ेंगे। अंत में मांगों का ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा।
अखिल भारतीय प्रधान संगठन के बैनर तले जुटे ग्राम प्रधानों ने जिला पंचायत कार्यालय के सामने टिन शेड में धरना दिया। धरने की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष विजयकुमार मिश्र ने जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की मिलीभगत से उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाते हुए आरपार की लड़ाई की चेतावनी दी।
उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान सरकार का पूरा सहयोग करते हुए गांवों में शासन की मंशा फलीभूत कर रहे हैं, लेकिन जनप्रतिनिधि व उच्चाधिकारी ग्राम प्रधानों का उत्पीड़न करते हुए उनके अधिकारों में कटौती करते जा रहे हैं, यह उचित नहीं है। अखिल भारतीय ग्राम प्रधान संगठन इसका जमकर विरोध करेगा।
खजुरी निधि के ग्राम प्रधान ओमप्रकाश पांडेय ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधानों को हतोत्साहित किया जा रहा है, जिससे गांवों का विकास कार्य प्रभावित है। मंडल अध्यक्ष दीपेंद्र यादव, ओमप्रकाश पांडेय, अभय कुमार श्रीवास्तव, विष्णुदत्त सिंह विसेन, रणजीत सिंह, महंत गिरि, जेपी मिश्र, लल्लन, अनिल, दिनेश शुक्ल ने भी उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए सरकार को चेतावनी दी। अंत में मांगों का ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा।