दिल्ली से ला रहे 1.87 लाख के चाइनीज मोबाइल पकड़े
गोंडा। वाणिज्य कर विभाग की मोबाइल टीम ने टैक्स चोरी में दिल्ली से गोंडा लायी जा रही 1.87 लाख रुपये का चाइनीज मोबाइल पकड़ा है। इसी तरह से टीम ने दो अलग अलग स्थान पर टैक्स चोरी में भेजे गये पापुलर की लकड़ी व कोयला भी पकड़ कर जुर्माने की कार्रवाई की है।
वाणिज्य कर टीम ने कुल एक लाख चार हजार 760 रुपये बतौर टैक्स व जुर्माने के रूप में जमा कराए ।
वाणिज्य कर विभाग के जेसी एसआईबी डीपी साहू के निर्देशन में विभाग की मोबाइल टीम ने टैक्स चोरी रोकने व टैक्स चोरी के माल को धर दबोचने के लिए शुक्रवार की रात में अभियान चलाया।
वाणिज्य कर के मोबाइल टीम प्रभारी/असिस्टेंट कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने वाणिज्य कर अधिकारी राहुल मिश्रा व टीम के अन्य सदस्यों के साथ शनिवार को गोंडा जंक्शन पर जीआरपी पुलिस के साथ वैशाली टे्रन में दबिश देकर टैक्स चोरी में लायी गई चाइनीज मोबाइल की खेप पकड़ी।
दिल्ली के करोल बाग से आदि इंटर प्राइजेज की ओर से एक कारोबारी को टैक्स चोरी में 1.87 लाख रुपये की चाइनीज मोबाइल भेजा गया था। जरूरी प्रपत्र न होने पर टीम ने कारोबारी से 45 हजार रुपये का टैक्स व जुर्माना वसूल किया।
इसी तरह से शुक्रवार को गोंडा बहराइच हाईवे पर मिश्रौलिया रेलवे क्र ासिंग के पास चेकिंग लगाई। झारखंड से हिंदुस्तान कोल टेडर्स की ओर से भेजा गया 1.40 लाख रुपये का कोयला पकड़ा।
बिना प्रपत्र कोयला टैक्स चोरी में भेजने पर 30 हजार 960 रुपये का टैक्स व जुर्माना वसूल किया। जबकि इसी स्थान पर बहराइच से गोरखपुर को एक ट्रक पर 80 हजार रुपये का पाप्लर की लकड़ी टैक्स चोरी में भेजा जाना पकड़ा। इस पर 28 हजार 800 रुपये टैक्स व जुर्माना जमा कराया गया।
मोबाइल टीम प्रभारी असिस्टेण्ट कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सभी कारोबारियों की ओर से टैक्स व जुर्माने की रकम जमा कर दिये जाने के बाद उनके माल को अवमुक्त कर दिया गया है।