अगवा कर मासूम बालिका के साथ किया दुराचार
गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को एक चाय के मड़हे की दुकान से सोते समय एक सात वर्षीय बालिका को दरिंदों ने अगवा कर लिया। इसके बाद झाड़ी में ले जाकर दुराचार किया। बालिका के बेहोश हो जाने के बाद आरोपी फरार हो गया। बालिका की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार नगर कोतवाली के बहराइच रोड जानकी नगर में एक मड़हे के चाय की दुकान पर एक सात वर्षीया बालिका अपने नानी के साथ सो रही थी। सोमवार की रात करीब 11 वजे एक अज्ञात युवक मासूम बालिका को उठा ले गया।
चाय की दुकान के पीछे उगी झाड़ी में ले जाकर उसके साथ दुराचार किया। जब बालिका वहीं पर बेहोश हो गई तो दुष्कर्मी दरिंदा फरार हो गया। करीब आधे घण्टे बाद जब बालिका को होश आया तो वह मड़हे में रोते हुए पहुंची और अपने नानी से सारी बात बताई।
उसकी नानी ने बताया कि उसके पति और उस का नाती दोनों विश्वकर्मा जयंती पर चल रहे कार्यक्रम में गए हुए थे। चाय के मड़हे में उसकी नातिन और वह अकेली ही एक तखत पर सो रही थी।
दरिंदा बालिका को कब आकर उठा ले गया यह वह नहीं जान पाई। बालिका की हालत गंभीर होने पर उसे महिला अस्पताल ले गए। वहां से उसे जिला अस्पताल लाया गया। थोड़ी देर इलाज होने के बाद बालिका की हालत में सुधार न होने पर उसे लखनऊ रिफर कर दिया गया।
घटना के बाद मौके पर नगर कोतवाल अशोक कुमार सिंह पहुंचे। मंगलवार की सुबह पुलिस अधीक्षक लल्लन सिंह, सीओ सहित अन्य पुलिस कर्मी पहुंचे और जानकारी ली। बताया जाता है कि घटना स्थल से एक पुलिस चौकी की दूरी मात्र 200 मीटर है।
इस घटना को लेकर आस पास के लोगों में आक्रोश है। इंस्पेेक्टर अशोक सिंह ने बताया कि मामले में दुष्कर्म व अपहरण की रिपोर्ट अज्ञात में दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है।