बेलई नाले के जर्जर पुल पर रोका वाहनों का आवागमन
परसपुर गोण्डा। परसपुर बालपुर मार्ग पर पड़ने वाले बेलई नाले के जर्जर पुल पर खतरे की आशंका को देखते हुए बुधवार से आवागमन रोक दिया गया है। इस पुल से गुजरने वाले भारी वाहनों के कारण पुल के ढहने का खतरा बढ़ गया था। थाने के एसओ ने पुल पर गार्ड की तैनाती कर आवागमन रोक दिया है।
परसपुर बालपुर मार्ग पर थाना के बगल बना बेलई नाला का पुल पांच दशक से ज्यादा पुराना है। बरसात के सीजन में इस पुल का आधा हिस्सा ढह गया था। इस टूटे हुए पुल पर हादसों को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने इस पर से भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित कर दिया था। वाहनों की आवाजाही को रोकने के लिए पुल पर लोहे का ऐंगल लगाया गया था।
कुछ दिनों के बाद लोहे का ऐंगल टूटकर गिर गया और इस टूटे पुल से भारी वाहनों का आवागमन फिर से शुरु हो गया। इस पुल से भारी वाहनों के आवागमन की जानकारी मिलने पर थानाध्यक्ष परसपुर मुकेश कुमार सिंह ने बुधवार को इस पुल पर मिट्टी से भरा ड्रम रखवाकर आवागमन रोक दिया है।
उन्होंने वाहनों की आवाजाही को रोकने के लिए पुल पर सुरक्षा गार्ड भी तैनात कर दिया है। एसओ ने बताया कि इसकी सूचना डीएम व एसडीएम कर्नलगंज को दी गई है। साथ ही इस पर स्थायी अवरोध बनाए जाने का भी अनुरोध किया है।