सड़क हादसों में छह की गई जान, नौ घायल
गोंडा/बलरामपुर। अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में गोंडा-बलरामपुर में छह लोगों की जान चली गई। वहीं इन हादसों में नौ लोग घायल हुए हैं जिसमें दो की हालत गंभीर है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बिहार के गोपालगंज जनपद के कुचायपुर गांव के रहने वाले अब्दुल का बेटा मैनुद्दीन (35) अपने साथी मुकेश (25) पुत्र मनोज निवासी बलुअन सागर जिला गोपालगंज के साथ मुर्गी लाने के लिए पिकअप से बहराइच गया था।
वह दोनों गुरुवार देर रात बहराइच से पिकअप पर मुर्गी लादकर अपने घर जा रहे थे। शुक्रवार भोर गोडा-फैजाबाद मार्ग पर नवाबगंज के शोभापुर गांव के पास पहुंचे थे तभी सामने से कोयला लदे ट्रक से पिकअप की भिड़ंत हो गई।
जिसमें मैनुद्दीन व मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक इजहार (45) पुत्र इशराफ निवासी चघयी थाना मान्धाता प्रतापगढ़ गंभीर रुप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का पिछला हिस्सा टूट कर सड़क किनारे खड्ड में जा गिरा। जिससे तकरीबन 50 मुर्गियां भी मर गईं। ट्रक चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दूसरी घटना में थाना वजीरगंज क्षेत्र के डुमरियाडीह निवासी विशाल पुत्र घनश्याम अपने साथियों के साथ पिकअप से बलरामपुर जनपद के उतरौला में एक शादी समारोह में डीजे बजाने गया था।
वहां से लौटते समय गोंडा-फैजाबाद मार्ग पर डुमरियाडीह के पास आगे जा रहे भूसी लदे ट्रक में पिकअप पीछे से भिड़ गई। जिसमें पिकअप में सवार रियाज अली (20) पुत्र जिब्राइल की मौके पर मृत्यु हो गई। गंभीर रुप से घायल अकबर (18) पुत्र यासीन की सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र वजीरगंज ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
घायलों में विशाल (17) पुत्र घनश्याम निवासी डुमरियाडीह, शंभू (25) पुत्र मनोज निवासी वीरपुर कोतवाली देहात, राजेश (20) पुत्र हनुमान निवास मजगवां को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना नवाबगंज के प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह एवं थाना वजीरगंज के प्रभारी निरीक्षक विनोद सरोज ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
गैस कटर से काटकर निकाले गए शव
गोंडा-फैजाबाद मार्ग पर शोभापुर गांव के पास शुक्रवार को हुए सड़क हादसे के बाद पहुंची पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। नगर पालिका परिषद नवाबगंज से जेसीबी मंगाई।
जिससे क्षतिग्रस्त पिकप को जेसीबी से ढकेलकर सड़क के किनारे किया गया। इसके बाद गैस कटर मंगाकर पिकप को कटवाया गया। तब जाकर चालक समेत दो लोगों के शवों को बाहर निकाला जा सका।
घायलों की मदद छोड़ मुर्गी लूटने में लगे रहे ग्रामीण
नवाबगंज-वजीरगंज मार्ग पर शोभापुर गांव के पास शुक्रवार सुबह मुर्गी लदी पिकप और ट्रक की टक्कर के दौरान गांव वालों की संवेदनहीनता साफ दिखाई दी। दो लोगों की मौत के दौरान ट्रक चालक घायल हो गया।
इस बीच सड़क के दोनों ओर जाम लग गया। पुलिस जाम खुलवाने में लगी रही। इसका फायदा उठाकर गांव के लोग मुर्गियां लूटने में जुटे रहे। हालांकि पुलिसकर्मियों ने उन्हें दौड़ाया। मगर ग्रामीण मौका पाकर मुर्गी लूटने में जुटे रहे। गांव वालों की इस करतूत से पुलिस हलकान रही।
कहीं पलटा तेज रफ्तार ऑटो तो कहीं फिसली बाइक
बलरामपुर। महराजगंज तराई थाना क्षेत्र में सुगानगर गांव के पास गुरुवार शाम सवारियों से भरा तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना में ग्राम पटोहा कोट निवासी लौटन(32), रामावती(35), मैरुन्निशा(42) तथा मिथिलेश(28) घायल हो गए।
घायलों में लौटन की हालत गंभीर होने पर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया। रास्ते में लौटन की मौत हो गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। वहीं शुक्रवार को इसी थाना क्षेत्र में परसिया कला निवासी साइकिल सवार उदल वर्मा को कौवापुर बाजार जाते समय अज्ञात बाइक सवार ने टक्कर मार दी।
उदल को गंभीर हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार दोपहर देहात थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे एसएसबी कैंप के निकट बाइक सवार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
उपनिरीक्षक एसआर यादव ने बताया कि कलंदरपुर निवासी सावित्री देवी ललिया निवासी अब्दुल रुऊफ की बाइक से घर जा रही थी। दुर्घटना में सावित्री देवी की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अब्दुल रऊफ को इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।