दो फर्मों से वसूला नौ लाख का जुर्माना
गोंडा। बहराइच व श्रावस्ती जिले की खाद्य तेल, घी व मेंथा आयल की दो फर्में करोड़ों का कारोबार कर लाखों रुपये की कर चोरी कर रही थीं। इस बात का खुलासा वाणिज्य कर गोंडा संभाग की एसआईबी टीम ने छापेमारी में किया है। टीम ने टैक्स चोरी में संलिप्त दोनों फर्मों से नौ लाख चार हजार रुपये टैक्स जमा कराने व जुर्माने की कार्रवाई की है।
वाणिज्य कर गोंडा के ज्वाइंट कमिश्नर विशेष अनुसंधान शाखा डीपी साहू ने बताया कि उन्हें बहराइच व श्रावस्ती जिले से इनपुट मिली थी कि दोनों जिले में दो फर्मो की ओर से तेल व घी का कई करोड़ों रुपये में कारोबार किया जा रहा है।
लेकिन यह सभी पंजीकृत फर्मे टैक्स की बड़ी चोरी कर सरकारी राजस्व को हड़प रही हैं। उन्होंने बताया कि बाहर से इसकी गोपनीय पड़ताल की गई तो पता चला कि यह फर्में करा पवंचन में संलिप्त हैं। उन्होंने बताया कि टीम में डिप्टी कमिश्नर राहुल द्विवेदी व बहराइच की सचल दल टीम ने श्रावस्ती जिले के इकौना में स्थित लकी ट्रेडिंग पर छापा मारा गया।
मौके पर 3680 किलो घी व 150 किलो मेंथा आयल मिला। टीम ने फर्म के अभिलेखों की जांच की तो पता चला कि फर्म ने रिटर्न में टैक्स इनवाइस से खरीद कर माल बिक्री दिखाया था लेकिन माल के आने की तारीख व कोई साक्ष्य नही दिखाया गया।
इस पर टीम ने फर्म पर चार लाख चार हजार रुपये का टैक्स व जुर्माना जमा कराने कार्रवाई की। इसी तरह से टीम ने बहराइच जिले के सुलतानिया ट्रेडिंग कम्पनी नगरौरा में छापा मारा। फर्म की ओर से जांच में सहयोग न करने पर एफएसडीए व पुलिस बल के साथ टीम ने फर्म की जांच की। फर्म की ओर से तीन करोड़ रुपये के खाद्य तेल की बिक्री की गई लेकिन टैक्स नही दिया गया।
फर्म के बैक ग्राउण्ड की जांच की गई तो पता चला कि वैट के दौरान भी मामूली टैक्स दिया गया। जांच में टीम ने पाया कि फर्म की ओर से लूज खाद्य तेल मंगाकर अपने अलग अलग ब्रांड के नामों जैसे सुपर कोल्हू, पारुल, टाइगर गोल्ड, लाल किला, नया कोल्हू,किसान गोल्ड,सरसों कोल्हू, नाम से पैकिंग कर बिक्री की जा रही थी।
एफएसडीए ने नमूना भी भरा है। जेसी एसआईबी डीपी साहू ने बताया कि फर्म पर खाद्य तेल के स्टाक से कम पाये जाने पर पांच लाख रुपये टैक्स व जुर्माना जमा कराने की कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि इन फर्मों की अभी अन्य मामलों की जांच की जा रही है।