गोंडा। पुलिस ने एटीएम कार्ड की क्लोनिंग कर एटीएम से रुपये उड़ाने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए गिरोह के मास्टर माइंड समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 3500 रुपये, एटीएम कार्ड व मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह ने बताया कि एटीएम से रुपये उड़ाने की वारदातों को रोकने के लिए साइबर सेल समेत तीन टीमों को लगाया गया था। एसपी के मुताबिक साइबर सेल की उप निरीक्षक रितु सिंह की सूचना पर नगर कोतवाली के इनकैन चौकी प्रभारी केके सिंह, कोतवाली देहात के उप निरीक्षक सोम प्रताप सिंह, कांस्टेबल मनीष चौधरी, आदित्य कुमार यादव, मदन गौड़ की संयुक्त टीम ने गुरुवार को रोडवेज यात्री विश्रामालय से गैंग के मास्टर माइंड आशु त्रिपाठी उर्फ आशुतोष उर्फ दुर्गेश त्रिपाठी निवासी गायत्री नगर मनकापुर व उसके साथी सौरभ मिश्रा निवासी राजेंद्र नगर को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए मास्टर माइंड आशु व सौरभ के पास से आठ एटीएम कार्ड, एक मोबाइल फोन व 3500 रुपये बरामद हुए हैं।एसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह एटीएम कार्ड बदलकर क्लोनिंग कर रुपये निकालते हैं। इससे पहले इसी गैंग के पंकज जायसवाल को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसके पास से क्लोनिंग करने के उपकरण बरामद हुए थे।
बताया कि पंकज से मिले सुराग के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार करने सफलता मिली है। एसपी ने बताया कि मास्टर मांइड आशु त्रिपाठी के खिलाफ लखनऊ व गोंडा में एक दर्जन अधिक मुकदमे दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि गैंग के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगी है।