परसपुर(गोंडा)। थाना क्षेत्र परसपुर के एक गांव की रहने वाली एक महिला का एक युवक ने अश्लील वीडियो बना लिया। अब आरोपी युवक महिला के मोबाइल पर अश्लील वीडियो भेजकर उससे 75 हजार रुपये की रंगदारी मांगी है। मामले में थाने में आरोपी युवक के खिलाफ रंगदारी व धमकी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
परसपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले एक युवक ने थाने में शनिवार को दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि एक युवक ने उसकी सौतेली मां को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और जबरन अश्लील वीडियो बना लिया। आरोपी युवक आये दिन उसकी मां का अश्लील वीडियो उसके मोबाइल फोन पर भेजकर 75 हजार रुपये की मांग कर रहा है। रुपये न देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है।
वीडियो वायरल करने से मना करने पर आरोपी युवक उसे मारने-पीटने की धमकी दे रहा है। प्रभारी निरीक्षक परसपुर सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि युवक की तहरीर पर आरोपी रिजवान के खिलाफ रंगदारी, धमकी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।