परसपुर (गोंडा)। नगर पंचायत परसपुर की ओर से भौरीगंज में सरयू नदी के तट पर 28.76 लाख रुपये की लागत से अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए नगर पंचायत ने कार्ययोजना बनाकर प्रमुख सचिव नगर विकास को भेजी है।
चेयरमैन वासुदेव सिंह ने बताया कि एक दशक पूर्व भौरीगंज में सरयू नदी के तट पर बना शवदाह स्थल व यात्री विश्रामगृह काफी जर्जर हो गया है। टिनशेड उजड़ गया है। यहां शवों के दाह संस्कार करने आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके कारण नगर पंचायत ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए भौरीगंज में सरयू नदी के तट पर एक शवदाह स्थल, एक शांति स्थल, एक कार्यालय, शौचालय, स्नानघर, चबूतरा व इंटरलॉकिंग आदि के निर्माण व आसपास सौंदर्यीकरण के लिए 28.76 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार किया है। इसके निर्माण से नगर पंचायत के अलावा आसपास के गांवों के लोगों को सुविधा मिलेगी।