मनकापुर (गोंडा)। भ्रष्टाचार में लिप्त राजस्व निरीक्षक का वीडियो वायरल होने के बाद एसडीएम ने उक्त राजस्व निरीक्षक को निलंबित कर उसके खिलाफ कोतवाली में भ्रष्टाचार समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उपजिलाधिकारी मनकापुर हीरालाल निवासी मंवरा बरसठी जौनपुर ने कोतवाली में दर्ज रिपोर्ट में कहा कि मनकापुर तहसील में तैनात राजस्व निरीक्षक मनकापुर/बीरेपुर क्षेत्र के ब्रिजेन्द्र बहादुर सिंह का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसकी सीडी के अवलोकन में स्पष्ट हो रहा है कि राजस्व निरीक्षक ब्रिजेन्द्र बहादुर सिंह अपने तहसील पर बने सरकारी आवास में बैठ कर कह रहे हैं कि मनकापुर क्षेत्र में पहली पैमाइश का 8 हजार, बभनान क्षेत्र का 14 हजार रेट निर्धारित है।
राजस्व निरीक्षक के अनुसार जिसमें तीन लेखपाल शामिल होते हैं जिन्हें दो हजार प्रति लेखपाल देय होता है। राजस्व निरीक्षक के अनुसार रिश्वत के रुपये में उन्हें महज फाइल बनवाने के लिए एक हजार ही प्राप्त होते हैं। आप राजा के आदमी हैं इसलिए हमें कुछ नहीं चाहिए, चार-पांच सौ कम देंगे तो भी काम हो जाएगा। एसडीएम के अनुसार उक्त वीडियो के जरिए यह स्पष्ट होता है कि राजस्व निरीक्षक द्वारा आम जन से राजस्व कार्यों के लिये सुविधा शुल्क मांगा जा रहा है। जो इनके अपने कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही व उदासीनता का प्रतीक है। ऐसे में कर्मचारी का आचरण नियमावली के विरुद्ध है।
इनके उक्त कृत्य के चलते आम जनमानस में शासन-प्रशासन की छवि धूमिल हो रही है। जो निंदनीय है। आरोपों के प्रति राजस्व निरीक्षक को 19 नवंबर को निलंबित कर रिपोर्ट दर्ज कराकर अवगत करने के लिये निर्देशित किया गया। जिस पर पुलिस ने राजस्व निरीक्षक के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल कृष्ण कुमार राणा ने बताया कि राजस्व निरीक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।