गोंडा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुजेहना के ग्राम पंचायत रैगांव में लोगों के असामयिक मौतों का सिलसिला जारी है। पंचायत चुनाव के बाद इस गांव में मौतों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। पिपरालालच के नव निर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्य रामकुमार दूबे की मौत रविवार की रात हो गई।
ग्राम प्रधान इंद्रसेन पाठक ने बताया कि काउंटिंग के समय तबियत खराब होने के बाद उन्हें जिला मुख्यालय के एक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। सोमवार की देर शाम रैगांव के ग्राम प्रधान आसिफ खान के 70 वर्षीय पिता नसीर खां की मौत हो गई।
इसी ग्राम पंचायत के निवासी विष्णु गुप्ता (42) की मौत कोरोना संक्रमण से होने के बाद एक हृदय विदारक घटना सामने आई। जब कोरोना संक्रमित का शव एंबुलेंस लेकर मृतक के गांव रैगांव पहुंची तो गांव वाले एंबुलेंस को सीधे घुमवा कर गांव के बाहर श्मशान में ले गए।
जहां कोरोना के डर के कारण रिश्तेदारों सहित गांव के लोग अंत्येष्टि कराने नहीं गए। अंत में चार पांच लोगों ने इकट्ठा होकर जेसीबी मंगवा कर मशीन के सहारे ही अंत्येष्टि करवा दिया।
प्रभारी चिकित्साधिकारी सामुदायिक स्वास्थ केंद्र मुजेहना डॉ विवेक मिश्र बताया कि रैगांव सहित दुल्हापुर बनकट और जिगना गांव में जांच व अन्य प्रक्रिया पूरी करने के लिए स्वास्थ्य टीम को रवाना कर दिया गया है।