गोंडा। संभागीय परिवहन कार्यालय में सोमवार को एक कर्मचारी के कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के बाद अब पूरे कार्यालय के लोग सहमे हैं। कोरोना संक्रमित कर्मचारी जो लखनऊ में रहते हैं उन्हें आइसोलेसन में रहने को कहा गया है। उनके संपर्क में आने वाले लोगों को भी होम क्वारंटीन कर दिया गया है। इसके चलते मंगलवार को आरटीओ दफ्तर पूरी तरह से सील कर दिया गया है। सबसे बड़ी परेशानी मंगलवार को जिनका लाइसेंस टेस्ट के लिए स्लॉट था, उनको हुई है।
लगभग 200 लोगों का ड्राइविंग लाइसेंस दफ्तर सील होने की वजह से फंस गया है। एक दिन में लर्निंग लाइसेंस और परमानेंट ड्राइविंग लाइसेंस के लिए लगभग 200 लोगों का स्लॉट होता है। लेकिन अब मंगलवार को कोरोना के चलते आरटीओ दफ्तर सील होने से सभी 200 लोगों का लाइसेंस फंस गया है।
इनके बायोमेट्रिक और टेस्ट को लेकर अभी तक कोई भी निर्णय नहीं लिया गया है। संभागीय निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि मंगलवार के स्लाट को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। बुधवार को दफ्तर खुलने के बाद ही इस मसले पर निर्णय हो पायेगा। मंगलवार को निर्धारित स्लाट के टेस्ट किस दिन लिए जायेंगे, ये अभी नहीं निश्चित है।
आरटीओ दफ्तर में कोरोना की दस्तक से जहां सभी कर्मचारी और अफसर सहमे हुए हैं वहीं यहां के कामकाज पर भी खासा असर पड़ने की उम्मीद है। आशंका है कि और कर्मचारियों को संक्रमण न हो, इसके लिए जल्द ही आरटीओ ऑफिस के सभी कर्मचारियों का कोरोना टेस्ट हो सकता है। बुधवार को परिवहन विभाग की वीडियो कांफ्रेंसिंग भी प्रस्तावित है, जिसमें इस मसले पर चर्चा होने की उम्मीद है।
उधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुजेहना में एक बार फिर करोना वायरस से कई चपेट में आ गए। एक आंगनबाड़ी कार्यकत्री सहित 6 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। धानेपुर कस्बे के संक्रमित मोहल्ले को नो कंटेनमेंट जोन घोषित करने की कार्रवाई की जा रही है। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विवेक मिश्र ने बताया कि कई स्थानों सहित बाबूराम पुरवा में भी जांच के लिए कैंप लगाया गया था। जिसमें धानेपुर आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकत्री की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
उसी मोहल्ले में एक युवक भी संक्रमित पाया गया था। बैजपुर धर्मेई तथा केंद्र पर 66 एन्टीजेन और आरटीपीसीआर के 15 नमूने लिए गए। एक व्यक्ति सिद्धार्थनगर का किसी काम से कस्बे में आया था उसकी भी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बाबूराम पुरवा को कल नो कंटेनमेंट जोन घोषित करने की कार्रवाई की जाएगी।
15 दिन में एक हजार बढ़े संक्रमित
कोरोना वायरस के संक्रमण का प्रकोप इस समय तेजी से बढ़ रहा है। जिससे जिले में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या में इजाफा हो रहा है। हाल ये है कि बीते 15 दिनों में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर अब दो हजार से तीन हजार हो गये हैं। बताया जा रहा है कि 1 हजार से दो हजार के मुकाबले 2 हजार से तीन हजार कोरोना मरीज जल्द ही हो गए हैं।
22 अगस्त को जिले में लगभग 2 हजार कोरोना पॉजिटिव मरीज थे। जिनकी संख्या सोमवार देर शाम तक तीन हजार तक पहुंच गई है। 24 अगस्त तक जिले में 43 हजार 571 लोगों का सैंपल लिया गया था। सात सितंबर तक 69069 लोगों का सैंपल लिया गया है।