उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर शुक्रवार को यहां संघ के बैनर तले शिक्षकों ने नई पेंशन स्कीम व सातवें वेतन आयोग की प्रतियों को जलाकर विरोध दर्ज कराया। संघ के मंडलीय मंत्री विनय शुक्ल के नेतृत्व में कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज रेलवे कॉलोनी में शिक्षकों ने प्रदर्शन किया।
विनय शुक्ल ने कहा कि सातवां वेतन आयोग व नई पेंशन स्कीम कर्मचारियों व शिक्षकों के साथ केवल छलावा है। पुरानी पेंशन नीति सेवानिवृत्त होने के बाद व्यक्ति के बेटे के रूप में काम करती है। केंद्र सरकार ने शिक्षकों व कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग से बेदखल कर धोखा किया है।
नई पेंशन नीति भी महज धोखा ही है। नई पेंशन नीति में नियम है कि दस प्रतिशत कर्मचारियों व शिक्षकों के वेतन से कटौती की जाए और दस प्रतिशत सरकार अपने पास से जमा करे, लेकिन यह कोष कहां जमा होगा, आज तक तय नहीं है।
इन्हीं मुद्दों को लेकर शिक्षक व कर्मचारी लामबंद हैं और अपने हक की लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। इस दौरान शिक्षकों ने नई पेंशन नीति की प्रतियां फूंकीं। विनय शुक्ल ने बताया कि इन्हीं मुद्दों को लेकर नौ अगस्त को प्रदेश भर के लाखों कर्मचारी व शिक्षक लखनऊ में प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर सहदेव सिंह, पपिया नियोगी, अंजना श्रीवास्तव, उषा शुक्ला, ललिता तिवारी, वंदना, इंद्रजीत, धर्मवीर, राधामोहन पांडेय आदि मौजूद रहे।