गोंडा। कांग्रेस ने जिले की तीन विधानसभा सीटों पर नए प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। पार्टी ने दो सीटों पर प्रत्याशियों के टिकट बदले हैं। यहां सपा से बगावत करके आए लोगों को टिकट दिया गया है। वहीं तरबगंज की प्रत्याशी सविता पांडेय के भाजपा में शामिल होने पर नई प्रत्याशी को उतारा है। जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पटेल ने कहा कि पार्टी की ओर से नए प्रत्याशी तय कर दिए गए हैं। सभी मंगलवार को नामांकन करेंगे।
समाजवादी पार्टी से टिकट न मिलने पर नाराज पूर्व विधायक राम प्रताप सिंह ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। उन्हें गौरा से टिकट भी कांग्रेस ने दे दिया है। गौरा से पहले सत्येंद्र द्विवेदी को टिकट दिया था। उन्होंने सोमवार को नामांकन भी कर दिया है। उनके स्थान पर टिकट बदला गया है। इसी तरह मनकापुर से सपा के पूर्व विधायक स्व. बाबूलाल की बेटी संतोष कुमारी को प्रत्याशी बनाया है। वह भी सपा से टिकट मांग रहीं थीं। पहले मनकापुर से कमला सिसोदिया को टिकट दिया था। उनका भी टिकट बदला गया है।
इसके अलावा तरबगंज से सविता पांडेय को पहले प्रत्याशी बनाया गया था लेकिन रविवार को सविता भाजपा में शामिल हो गईं थीं। बताया जा रहा है कि सविता पांडेय का टिकट कांग्रेस ने होल्ड कर दिया था। टिकट बदलने से पहले वह भाजपा में चली गईं। सोमवार को तरबगंज से त्वरिता सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है।
त्वरिता सिंह का पहले से कोई नाम चर्चा में नहीं था। ऐन वक्त पर नाम की घोषणा होने पर जानकारी हुई कि बेलसर के निशांत सिंह विसेन की पत्नी को टिकट दिया गया है। महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के कारण टिकट निशांत के बजाए उनकी पत्नी को पार्टी ने टिकट दिया है। मंगलवार को सभी प्रत्याशियों के नामांकन करने की सूचना है।