डीएम आशुतोष निरंजन ने अपने कैंप कार्यालय में ‘काफी विद कलेक्टर’ की मंगलवार को पुन: औपचारिक शुरूआत कर दी। कार्यक्रम के तीसरे चरण के पहले दिन डीएम ने छपिया ब्लॉक के ग्राम पंचायत साबरपुर के ग्राम प्रधान एवं ग्राम स्तरीय अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ कॉफी पी और गांव के विकास, कानून-व्यवस्था व अन्य विषयों पर गहन परिचर्चा की। डीएम ने प्रधान के साथ आए अन्य सहयोगियों से कहा कि मैं आपका शिक्षक भी हूं, समीक्षक भी और सहयोगी भी हूं। ऐसे में विकास के साथ-साथ अन्य सभी मुद्दों पर खुले मन से परिचर्चा कीजिए।
उन्होंने कहा कि गांव का विकास बिना ग्राम प्रधान और ग्राम स्तरीय अधिकारियों कर्मचारियों के बेहतर आपसी तालमेल के सम्भव नहीं है। कहा कि इससे ग्राम प्रधानों व गांव के विकास में सहयोग देने वाले हर छोटे-छोटे से कर्मचारी का मनोबल बढ़ेगा और विकासपरक योजनाओं को धरातल पर लागू करने में मदद मिलेगी। उन्होंने ग्राम प्रधान, बीट कांसटेबल व लेखपाल को सीख देते हुए कहा कि भले ही वे सब अलग-अलग दिखें परन्तु काम टीम भावना के साथ करें।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से गांव स्तर पर होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाना, विकासपरक योजनाओं को शत-प्रतिशत लागू करना, भूमि विवाद, गावों में रास्ते के विवाद, तालाबों की स्थिति, सड़कों की स्थिति व निर्माण, नाली, खड़ंजे, अवैध कब्जे, चकमार्ग, विद्यालयों, एएनएम सेन्टर, आंगनबाड़ी केन्द्रों की स्थिति, गांवों की साफ-सफाई, आपसी भाई-चारा, शरारती तत्वों को चिन्हित करना, अवैध शराब बेचने व बनाने वालों को चिन्हांकित कर कार्यवाही करना, गांवों में हो रही प्रत्येक हलचल को प्रशासन तक पहुंचाना और उन पर समय रहते प्रभावी कार्यवाही करना ही उनका मुख्य मकसद है।
उन्होंने निर्देश दिए कि निर्विवाद वरासत के मामले शीघ्र निपटाएं जायं तथा मृतक व्यक्ति की तेरहवीं तक वारिसों को हर हाल में वरासत दर्ज कर कागजात नि:शुल्क हैण्डओवर कर दिए जायं। कृषि पट्टे के लिए आवंटित भूमि का भौतिक सत्यापन करके आंवंटी को कब्जा दिलाते हुए पन्द्रह दिवस के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
इस अभिनव कार्यक्रम के अवसर पर ग्राम प्रधान साबरपुर रामादेवी, लेखपाल भगवानदीन, लेखपाल राजकुमार, पंचायत सचिव राधेरमण प्रजापति, रोजगार सेवक वीर अभिमन्यु, बीट कान्सटेबल समरेन्द्र पाण्डेय, चैकीदार प्रमोद कुमार सिंह, सफाईकर्मी बमबहादुर,अमिषा देवी आंगनबाड़ी कार्यकत्री, संगीता आंगनबाड़ी कार्यकत्री, एएनएम शांति सिंह, चन्द्रावती देवी सफाईकर्मी, सुनीता देवी आशा बहू मौजूद रहे जिनसे डीएम ने सीधे रूबरू होकर गांव के विकास, कानून व्यवस्था सहित सभी महत्वपूर्ण विषयों पर गहन परिचर्चा की।