एलबीएस चौराहे पर छात्राओं को जागरूक करतीं पुलिसकर्मी। स्रोत: विभाग
गोंडा। देवीपाटन परिक्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा व शोहदों के खिलाफ कार्रवाई के लिए आईजी अमित पाठक ने बुधवार को चारों जिलों के क्षेत्राधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा केंद्रों पर आने वाली शिकायतों की क्षेत्राधिकारी स्तर से निगरानी की जाए। आईजी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत पर काउंसिलिंग के साथ ही कार्रवाई की जानी चाहिए। क्षेत्राधिकारी भीड़भाड़ वाले इलाके जैसे स्कूल, बाजारों समेत अन्य स्थानों पर सक्रिय रहें। एंटी रोमियो टीमें भी सक्रिय रहें। महिलाओं व बालिकाओं पर टिप्पणी करने व इशारे करने वाले शोहदों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। हॉट स्पॉट पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाकर काले शीशे, संशोधित हेडलाइट व यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई के भी आईजी ने निर्देश दिए।
बालिकाओं से लिया गया फीडबैक
महिला थाने की पुलिस ने बुधवार को एलबीएस पीजी कॉलेज व सरयू प्रसाद इंटर कॉलेज छात्रावास में छात्राओं से फीडबैक लिया। इंस्पेक्टर अनीता यादव ने बताया कि छात्राओं को नारी सुरक्षा, महिला हेल्प डेस्क, साइबर क्राइम संबंधी अपराध, बाल विवाह, नए कानून, घरेलू हिंसा आदि के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान प्रियंका चौहान समेत पुलिसकर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। बालिकाओं को सरकार की ओर से चलाई जा रही सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला आदि योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा एवं स्वावलंबन की शिक्षा
माधोपुर। कटरा बाजार थाने की पुलिस ने बुधवार को क्षेत्र भ्रमण कर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। कंपोजिट विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में टीम ने छेड़छाड़, शोषण, दहेज उत्पीड़न, बाल अपराध और एसिड अटैक जैसी घटनाओं से सतर्क रहने की सलाह दी। निरीक्षक रमाशंकर राय, उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह, आरक्षी अनिल पाल, राम सिंह और अनीता वाजपेयी उपस्थित रहीं। (संवाद)