जिले के कई बैंकों में मंगलवार को कैश न मिलने पर ग्राहकों ने जमकर हंगामा काटा। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। कैश न मिलने पर बैंक ग्राहकों ने चक्का जामकर आंदोलन की चेतावनी दी है।
तुलसीपुर ब्लॉक के रमईडीह गांव में संचालित सर्व यूपी ग्रामीण बैंक में मंगलवार को ग्राहकों की भारी भीड़ जुट गई। लंबी कतारों में लगे ग्राहकों ने कैश न मिलने पर हंगामा करना शुरू कर दिया। बैंक ग्राहक राकेश, राम प्रसाद, अमरेंद्र, मोती, रामचंद्र व अंगनू ने बताया कि बैंक कर्मी रोजाना कैश न होने का बहाना बता टरका रहे हैं।
घरों में कार्यक्रम होने के चलते लोगों को पैसे की कमी से काफी दिक्कतें हो रही हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। ग्राहकों ने कैश न मिलने पर चक्का जाम कर आंदोलन करने की चेतावनी भी दी। यही हाल सदर ब्लॉक के बेलहा गांव में संचालित इलाहाबाद बैंक का रहा।
ग्राहक राजमनी, लल्लू, झींगुर, मूसे, चंद्रभान, रामबरन, भुलई, अमरनाथ, हन्नू, छेदी व मुकुट बिहारी ने बताया कि यहां भी कैश की कमी के कारण उन लोगों को दिक्कतें हो रही हैं। बैंक मैनेजर वरदान प्रसाद ने बताया कि पर्याप्त मात्रा में कैश न मिलने से समस्या आ रही है।
सर्व यूपी ग्रामीण बैंक मथुरा बाजार में कैश न होने से भारी संख्या में ग्राहक लाइन लगाने के बावजूद बैरंग लौट गए। ग्राहक मोहित श्रीवास्तव ने बताया कि तीन दिसंबर को घर में भाई की शादी है। कैश न मिलने से शादी न होने के आसार दिख रहे हैं।
बैंक ग्राहक अशोक, जोखू, मालिकराम, हरिगोविंद तिवारी, सपना, राज देवी, सुनीता, राजेश गौतम व चेतराम ने कैश न मिलने पर आक्रोश जताते हुए कहा कि खेती किसानी का कार्य पूरी तरह से चौपट हो रहा है। 21 दिनों से लोग बैंक में जमा अपना धन निकालने के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। बैंक के अफसर व कर्मी बाहर शटर बंद करके पीछे के चैनल गेट से चंद लोगों को रुपये दे रहे हैं।
बैंक ग्राहकों ने आक्रोश जताते हुए चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही कैश के कमी की समस्या का निस्तारण नहीं कराया गया तो लोग सड़क पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।