करनैलगंज। दशहरा पर्व पर मंगलवार देर शाम रामलीला मैदान में रावण दहन के बाद नेताओं के समर्थकों के बीच विवाद हो गया। मंच पर जाने से रोकने को लेकर शुरू हुई कहासुनी धक्कामुक्की में बदल गई। स्थिति संभालने के दौरान प्रभारी निरीक्षक और चौकी प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी मंच से नीचे गिर गए।
रामलीला कमेटी की ओर से क्षेत्रीय भाजपा विधायक अजय सिंह और कुंवर शारदेन मोहन सिंह को मंच पर बुलाया गया था। आरोप है कि समर्थकों को मंच पर जाने से रोकने पर विवाद शुरू हुआ। दोनों पक्षों के समर्थक अपने-अपने नेताओं के पक्ष में नारेबाजी करने लगे।
देखते ही देखते धक्कामुक्की शुरू हो गई और अफरातफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने मशक्कत के बाद स्थिति संभाली। इसके बाद दोनों पक्षों के नेताओं और समर्थकों को मैदान से बाहर निकालकर उनके वाहनों का काफिला रवाना कराया गया। प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह ने बताया कि माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। सीओ आनंद कुमार राय ने बताया कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान मारपीट, रिपोर्ट दर्ज
मसकनवा। मसकनवा-गौराचौकी मार्ग पर मंगलवार रात दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो पक्षों में मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है। मनकापुर के सीओ उदित नारायण पालीवाल ने बताया कि नशे की हालत में कुछ लोगों ने आपस में मारपीट की। मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति नियंत्रित की। वायरल वीडियो के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर ली गई है। इंस्पेक्टर उमेश कुमार ने बताया कि मामले में चार नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विसर्जन के दौरान डूबने से बचे दो युवक
बभनान। गुरुगांव स्थित श्रवण धाम मंदिर के तालाब में मंगलवार को प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा टल गया। ताबेपुर निवासी प्रेम कुमार (22) और शिवम (26) गहरे पानी में जाकर डूबने लगे, जिससे अफरातफरी मच गई। उपनिरीक्षक शैलेश कुमार और अधिवक्ता विनय वर्मा ने टीम के साथ बचाव कार्य शुरू किया। गोताखोरों, रस्से और ट्यूब की मदद से दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।