गोंडा। इस बार जिले में चौरी-चौरा महोत्सव मनाया जाएगा। इसके लिए मंगलवार को डीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक कर रणनीति तय की है। आयोजन चार फरवरी से किया जाएगा।
डीएम मार्कंडेय शाही की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में महोत्सव के आयोजन के संबंध में आयोजित बैठक में बताया गया कि चौरी-चौरा शताब्दी महोत्सव 04 फरवरी को जिले के प्रमुख शहीद स्मारक स्थलों पर पूरी भव्यता एवं दिव्यता के साथ मनाया जायेगा।
समारोह वर्षभर स्वतंत्रता संग्राम तथा देशभक्ति पर आधारित महत्वपूर्ण तिथियों पर कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। मुख्य कार्यक्रम जिला जेल पार्क में होगा। जिलाधिकारी ने कहा कि चार फरवरी 2021 को प्रभात फेरी प्रारंभ होकर जनपद में स्थित प्रमुख शहीद स्मारक स्थलों पर प्रात: 10 बजे पहुंचेगी।
सुबह दस बजे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को सम्मानित भी किया जाएगा। इस प्रभात फेरी में एनएसएस, एनसीसी, सिविल डिफेंस, स्काउट गाइड, समाजसेवी आदि शामिल होंगे। शहीद स्मारक स्थल पर शाम को पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रधुन बजायी जाएगी।
सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री द्वारा समारोह को शुभारंभ किया जायेगा। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का वर्चुअल संबोधन होगा। सजीव प्रसारण की व्यवस्था जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा खण्ड शिक्षा अधिकारी के माध्यम सुनिश्चत की जायेगी। बैठक में एएसपी शिवराज, सीएमओ डा अजय सिंह गौतम, सिटी मजिस्ट्रेट वंदना त्रिवेदी सहित संबंधित विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।