एलबीएस पीजी कॉलेज में अभ्युदय कोचिंग सेंटर में विद्यार्थियों को टिप्स देतीं सीडीओ अंकिता जैन।
गोंडा। सीडीओ अंकिता जैन शुक्रवार को एलबीएस पीजी कॉलेज में संचालित अभ्युदय कोचिंग सेंटर का निरीक्षण करने पहुंचीं। वहां उन्होंने शिक्षक की भूमिका निभाई। करीब डेढ़ घंटे तक उन्होंने यूपीएससी की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों की कई शंकाओं का समाधान किया। किस तरह से तैयारी की जाए, इस बारे में कई टिप्स दिए।
सीडीओ दोपहर दो बजे से 03:30 बजे तक वह कक्षा में उपस्थित रहीं और यूपीएससी की तैयारी कर रहे छात्रों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की रणनीति, अध्ययन पद्धति और समय प्रबंधन पर विशेष मार्गदर्शन दिया। कहा कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे नियमित अध्ययन के साथ समाचार पत्रों और समसामयिक घटनाओं पर विशेष ध्यान दें, ताकि सामान्य अध्ययन में उनकी पकड़ मजबूत हो।
उन्होंने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य और आत्मविश्वास बनाए रखना आवश्यक है। सीडीओ ने जिला समाज कल्याण अधिकारी अमरजीत सिंह को निर्देश दिया कि हाल ही में विभिन्न आयोगों से चयनित अधिकारियों की सूची तैयार की जाए। इन अधिकारियों को समय-समय पर अभ्युदय कोचिंग केंद्र में बुलाकर विद्यार्थियों से संवाद कराया जाए। इससे छात्रों को प्रेरणा और वास्तविक अनुभव प्राप्त होगा तथा वे सफलता की ओर और अधिक दृढ़ता से अग्रसर हो सकेंगे।