इटियाथोक (गोंडा)। खरीदारी के बहाने शुक्रवार की शाम पत्नी को मायके से संग ले गए पति ने हरैय्या झूमन गांव के समीप रेलवे क्रॉसिंग के पास पत्नी की हत्या कर शव को भट्ठे के पास फेंक दिया था। मामले में महिला के पिता ने रविवार को थाना इटियाथोक में पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बता दें कि थाना इटियाथोक क्षेत्र के ग्राम पंचायत परसिया बहोरीपुर के मजरे नौशहरा निवासी किस्मत अली की बेटी सूफिया (23) को श्रावास्ती जनपद के भिनगा कोतवाली क्षेत्र के मंगल भट्ठा का रहने वाला पति वारिस अली शुक्रवार की सुबह तकरीबन 10 बजे उसके मायके ले गया था। इसके बाद वह पत्नी को मायके में छोड़कर कहीं चला गया। दोबारा शाम को वह लौटकर आया और किस्मत अली से यह कहकर संग लेकर चला गया कि बाजार में सामान की खरीदारी कराने के लिए इटियाथोक ले जा रहा है।
शनिवार की शाम हरैया झूमन गांव के समीप रेलवे क्रॉसिंग के पूर्वी छोर पर पुराने ईंट भट्टे के पास ग्रामीणों ने एक महिला का शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की तो शव सूफिया का निकला। किस्मत अली ने बताया कि वारिस अली दहेज में अंगूठी व रुपयों की मांग को लेकर सूफिया को प्रताड़ित करता था। दहेज की मांग पूरी न होने पर वारिस ने सूफिया की हत्या करके शव को ईंट भट्ठे के पास फेंक दिया। प्रभारी निरीक्षक इटियाथोक संदीप कुमार सिंह ने बताया कि किस्मत अली की तहरीर पर पति वारिस अली उसके भाई व उसकी मां के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।