रूपईडीह (गोंडा)। कूट रचित तरीके से पीड़िता को बहला-फुसलाकर रजिस्ट्री ऑफिस ले जाकर उसकी जमीन को बैनामा करा लेने के मामले में पुलिस उपमहानिरीक्षक के आदेश से थाने की पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
यह मामला खरगूपुर थाना क्षेत्र के फरेंदा शुक्ल गांव से जुड़ा हुआ है। पीड़िता आरती देवी ने दिए गये तहरीर में कहा है कि गांव में गाटा संख्या 1494/4- 290 भूमि की वह मालिक है और अपने पूरी जमीन पर उसका कब्जा है। उसने कहा है कि एक माह पहले गांव के पांच लोगों ने मिलकर उससे कहा कि प्रधानमंत्री अनुदान योजना चल रही है। जिसमें रुपये मिलते हैं चलो तुम्हारा रजिस्ट्रेशन विकास भवन में करा दें।
पीड़िता ने उन लोगों का विश्वास करके वह साथ में चली गई और जालसाजियों ने उसको एक जगह पर बैठा दिया। उसके कुछ देर बाद कुछ स्टांप लेकर आए और कहा कि इस पर अंगूठा लगा दो। पीड़िता ने अपना अंगूठा लगा दिया। रजिस्ट्री ऑफिस में ले जाकर बिना रुपये दिए पूरी जमीन को बैनामा करा लिया।
जिसकी शिकायत पीड़िता ने कई बार पुलिस से की लेकिन उसे हर जगह से निराशा ही हाथ लगी। पुलिस उप महानिरीक्षक डॉ. राकेश सिंह के आदेश पर मुन्नी देवी, साधना, आराधना, मल्हू तथा राधेश्याम के खिलाफ जालसाज, धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।