गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान छह दिन पहले शहर में हुए उपद्रव, लूटपाट व आगजनी में करीब 50 लोग प्रभावित हुए हैं। इसमें पहले पुलिस की ओर से दो व तीन पीड़ितों ने एफआईआर दर्ज कराई थी, लेकिन अब पीड़ितों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराने की होड़ शुरू हो गई है। यह तब हो रहा है, जब प्रशासन की ओर से प्रभावितों की सूची बनाकर शासन को भेजने की कार्रवाई हो रही है, जिससे वास्तव में पीड़ितों को मुआवजा मिल सके। अब तक नगर कोतवाली में 30 एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी हैं।
गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान 23 सितंबर को शहर के उतरौला रोड पर पथराव के बाद उपद्रव शुरू हो गया। चंद पलों में उतरौला रोड के बवाल की आग एकता तिराहे तक पहुंच गई। वहां कृष्णा मार्केट में अराजकतत्वों ने जमकर लूटपाट की और आधा दर्जन दुकानों को आग लगा दी।
एकता तिराहे के आसपास भी कई दुकानें फूंक दी गईं। घटना के बाद नगर कोतवाल ने दो मुकदमे उपद्रव करने वालों के खिलाफ दर्ज कराए। पुलिस ने अब तक 17 लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
इसी दौरान तीन व्यवसायियोें ने भी दुकानें फूंकने की रिपोर्ट उपद्रवियों के खिलाफ दर्ज कराई। प्रशासन ने मुआवजा दिलाने के लिए उपद्रव में आगजनी व लूटपाट से पीड़ित व्यवसायियों की सूची बनानी शुरू की है, जिससे प्रभावित लोगों को मुआवजा दिलाने के लिए शासन को भेजा जा सके।
इसके बाद से एफआईआर दर्ज कराने की होड़ लग गई है। अब तक नगर कोतवाली में 30 एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी हैं। पुलिस अधिकारियों की मानें तो एफआईआर की संख्या अभी आधा दर्जन और बढ़ने की उम्मीद है।