गोंडा। मंगलदेव की हत्या को लेकर 11 अक्तूबर को गोंडा-बलरामपुर मार्ग जाम करने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। खास बात यह है कि पुलिस ने 12 अक्तूबर को मुकदमा दर्ज करने के बाद भी इसे सार्वजनिक नहीं किया। यहां तक कि इसे उत्तर प्रदेश पुलिस के यूपी कॉप एप पर अपलोड तक नहीं किया। रविवार शाम को एफआईआर की काॅपी वायरल होने पर मामले की जानकारी हुई।
मालूम हो कि चार अक्तूबर को भवानीपुर खुर्द गांव निवासी किशोर मंगलदेव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद 11 अक्तूबर को अपना दल कमेरावादी की सिराथू (कौशांबी) से विधायक डॉ. पल्लवी पटेल परिजनों से मिलने पहुंची थीं। प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए वह समर्थकों के साथ गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर धरने पर बैठ गई थीं। मामले में भवानीपुर खुर्द के चौकी प्रभारी सुरेंद्र कुमार की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें एक दर्जन वाहनों के नंबर भी हैं। मगर इस मुकदमे में विधायक का नाम तक नहीं है। इसको लेकर जब एसओ कृष्ण गोपाल राय से बात की गई तो वह कन्नी काटते नजर आए। (संवाद)