मुजेहना (गोंडा)। क्षेत्र के विशंभरपुर गांव के रहने वाले जितेंद्र पासवान हत्या के मामले में पुलिस ने पिता की तहरीर पर चार लोगों को नामजद करते हुए एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। तफ्तीश में जुटी पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ में अहम सुराग मिले हैं।
गांव निवासी राधेश्याम पासवान ने रविवार को थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उनका बेटा जितेंद्र पासवान (30) घरेलू सामान खरीदने बृहस्पतिवार को घर से निकला था। तभी से वह लापता हो गया। पड़ोस के ही रहने वाले उनके चाचा राम मनोहर व भाई धनीराम ने बताया कि उन्होंने देर शाम जितेंद्र को धानेपुर बाजार से विशंभरपुर रोड पर स्थित टावर के पास शोभाराम मौर्य निवासी चकिया ख्वाजा जोत, कौशल चौहान, पुष्पा चौहान व जनकराम निवासी धौरहरा विशंभरपुर व अन्य साथी के साथ देखा है। शनिवार देर शाम जितेंद्र का शव कल्याण नगर के बुल्का माई थान के पास गन्ने के खेत में मिला था।
थानाध्यक्ष सुनील सिंह ने बताया कि जितेंद्र के पिता की तहरीर पर दंपती समेत चार नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। चार लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है, जल्द खुलासा कर लिया जाएगा।