गोंडा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर सतर्क प्रशासन ने मतदान कार्मिकों के शुक्रवार से शुरू हुए प्रशिक्षण में बिना किसी पूर्व जानकारी के नदारद मिले 192 कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम मार्कंडेय शाही ने पहले दिन दोनों पालियों में प्रशिक्षण से गैर हाजिर मिले 192 कर्मियों के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज करवाने के साथ ही निलंबन व विभागीय कार्यवाही की संस्तुति की है।
जिलाधिकारी ने प्रभारी अधिकारी कार्मिक शशांक त्रिपाठी तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश सिंह के साथ दोनों प्रशिक्षण स्थलों पर पहुंचकर प्रशिक्षण कार्य का जायजा लिया।
शुक्रवार को त्रिस्तरीय पंचायत निवार्चन 2021 के दृष्टिगत में मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण नगर के शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कालेज तथा एलबीएस पीजी कालेज परिसर में दो पालियों मेे शुरू हुआ।
एलबीएस पीजी कालेज में डेढ़ हजार तथा टॉमसन कोलज में एक हजार कार्मिकों का प्रति पाली प्रशिक्षण सहित दोनों पालियों को मिलाकर कुल पांच हजार कार्मिकों का दो दिनों तक प्रशिक्षण होना है। शुक्रवार को प्रशिक्षण के पहले दिन एलबीएस कालेज में प्रथम पाली में 66 तथा द्वितीय पाली 57 सहित 123 व टॉमसन इन्टर कालेज में प्रथम पाली 33 व द्वितीय पाली में 36 सहित 69 कार्मिक गैरहाजिर मिले।
प्रभारी अधिकारी कार्मिक व सीडीओ शशांक त्रिपाठी ने बताया कि बिना किसी पूर्व जानकारी के प्रशिक्षण से गैरहाजिर रहने वाले सभी 159 कार्मिकों को खिलाफ सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल चुनावी काम काज में शिथिलता व लापरवाही बरतने का दोषी मानते हुए डीएम के निर्देश पर कोतवाली नगर में नामजद मुकदमा दर्ज कराने के साथ ही विभागीय स्तर पर दंडात्मक कार्यवाही कराने का निर्देश संबंधित विभागों के विभागाध्यक्षों को दिया गया है।
जिलाधिकारी ने चेताया कि निर्वाचन प्रशिक्षण में शिथिलता बरतने वाले कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा। इसलिए सभी कार्मिक प्रशिक्षण के लिए अपनी-अपनी निर्धारित तिथि व समय के अनुसार प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचकर प्रशिक्षण प्राप्त करें ताकि निर्वाचन कार्य बिना किसी परेशानी के पूरा कराया जा सके।