बाइक सवार को बचाने के चक्कर में खोड़ारे क्षेत्र के तरौनी तरकुलहवा गांव के पास हादसा
परिवार के साथ ससुराल से लौट रहा था व्यापारी
संवाद न्यूज एजेंसी
खोड़ारे (गोंडा)। गौराचौकी-बभनान मार्ग पर तरैनी तरकुलहवा गांव के पास बाइक सवार को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी। यह हादसा उस वक्त हुआ जब साइकिल व्यापारी परिवार के साथ ससुराल से लौटे रहे थे। औसानी बुजुर्ग नर्सिंह नारायण लाल डीह गांव निवासी व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार सात अन्य लोग जख्मी हो गए। घायलों को सीएचसी बभनजोत लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में व्यापारी की पत्नी ने भी दम तोड़ दिया।
मौके पर पहुंचे आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि उनके बड़े भाई अक्षय श्रीवास्तव अल्लीपुर बाजार में साइकिल की दुकान करते हैं। वह बुधवार को कार से पत्नी वंदना श्रीवास्तव (28), बेटी रूही (12) व परिवार के सदस्य मयंक (15), बादल (25), मन्नत (7), महक (8) व पूर्ति (22) के साथ ऑल्टो कार से बलरामपुर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के विशुनापुर गए थे।
वहां से बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 12 बजे वह लौट रहे थे। रास्ते में खोड़ारे थाना क्षेत्र में तरैनी तरकुलहवा गांव के पास अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई। इस हादसे में अक्षय (35) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार सात लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी से गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जहां शाम को अक्षय की पत्नी वंदना ने भी दम तोड़ दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ई-रिक्शा में कार ने मारी टक्कर, चार लोग घायल
खरगूपुर (गोंडा)। खरगूपुर थाना क्षेत्र के वीरपुर मार्ग पर भंगहा गांव के पास बृहस्पतिवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे ई-रिक्शा में खरगूपुर की ओर से आ रही कार ने टक्कर मार दी। जिससे ई-रिक्शा चालक पठना कोठार कल्यानपुर श्रावस्ती निवासी चरनदास (50), इटियाथोक थाना क्षेत्र के सरकांड गांव निवासी राजकली (50) पत्नी राजकरन, जुबई (40) व चंदन (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि कार चालक भिनगा श्रावस्ती निवासी जहांगीर खान बाल-बाल बच गया। घायलों को सीएचसी लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हादसे में ई-रिक्शा पलट गया और कार क्षतिग्रस्त हो गई। संवाद